पटना (Patna)

मरीन ड्राइव पर खतरनाक स्टंट, युवक-युवती पर केस दर्ज

जेपी गंगा पथ पर बाइक स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई; BNS की धारा 281 के तहत केस दर्ज
मरीन ड्राइव पर खतरनाक स्टंट, युवक-युवती पर केस दर्ज

पटना: जेपी गंगा पथ यानी मरीन ड्राइव पर बाइक से खतरनाक स्टंट करने के मामले में पटना ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई की है। कृष्णा घाट से दीघा गोलंबर की ओर आने वाली लेन में युवक और युवती के स्टंट का वीडियो सामने आया था। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने बाइक के ऑनर और युवक-युवती के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के कृष्णा घाट के पास का है। यह वीडियो 5 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे शूट किया गया था। वीडियो में युवक और युवती बाइक पर खतरनाक तरीके से स्टंट करते नजर आ रहे थे।

पुलिस ने वीडियो की जांच के बाद बाइक के नंबर के आधार पर उसके ऑनर की पहचान की। बाइक स्प्लेंडर है और इसके मालिक का नाम दीपक कुमार बताया गया है। वह मोगलपुरा, पटना सिटी का रहने वाला है।

इस मामले में ट्रैफिक थाना गांधी मैदान में केस दर्ज किया गया है। युवक और युवती के खिलाफ BNS की धारा 281 के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।

ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक सड़कों और स्थानों पर इस तरह के खतरनाक स्टंट नहीं करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सड़क पर स्टंट करने से खुद के साथ दूसरे लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।

यह भी पढ़ें (Related News)