बिहार में दारोगा आज अपनी मांगों को लेकर ट्विटर पर आंदोलन करने की तैयारी में
पटना: बिहार में पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा/SI) आज अपनी विभिन्न सेवा संबंधी मांगों और वेतन विसंगतियों को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर बड़ा डिजिटल आंदोलन करने की तैयारी में हैं। इसे लेकर राज्यभर के दारोगाओं द्वारा व्हाट्सएप, टेलीग्राम और सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर मैसेज और पोस्टर व्यापक रूप से शेयर किए जा रहे हैं। दारोगा अपनी वेतन विसंगति और नौकरी से जुड़ी समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर ट्रेंड कराने वाले हैं।
वेतन विसंगति (Pay Scale Disparity) का मुख्य विवाद
दारोगाओं का कहना है कि बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) स्नातक स्तरीय संयुक्त परीक्षा के विज्ञापन संख्या 07070114 के जरिए पुलिस अवर निरीक्षक (दारोगा/SI) और सचिवालय सहायक दोनों पदों की बहाली एक साथ हुई थी। इसके बावजूद सरकार द्वारा दोनों पदों का पे लेवल अलग-अलग निर्धारित किया गया।
सचिवालय सहायक को पे लेवल-7 दिया गया, जबकि दारोगा को पे लेवल-6 मिला है। दारोगा का वेतनमान 9300-34800 और 4200 ग्रेड पे है, जबकि सचिवालय सहायक का 9300-34800 और 4600 ग्रेड पे है। समान योग्यता और एक ही परीक्षा से चयन के बावजूद इस असमानता को लेकर दारोगाओं में भारी नाराजगी है।
दारोगाओं की 3 प्रमुख मांगें:
- ग्रेड पे में संशोधन: दारोगा का ग्रेड पे लेवल 6 (4200) से बढ़ाकर लेवल 7 (4600) किया जाए।
- समयबद्ध पदोन्नति: 5 साल की संतोषजनक नियमित सेवा के बाद प्रमोशन दिया जाए।
- गृह क्षेत्र के पास तैनाती: प्रतिनियुक्ति (Deputation) 75 से 100 किलोमीटर के दायरे में ही की जाए।
ड्यूटी का समय और 100 किमी दूर प्रतिनियुक्ति की परेशानी
दारोगाओं का कहना है कि पुलिस सेवा में ड्यूटी का कोई तय समय नहीं होता है। इसके बावजूद प्रतिनियुक्ति 100 किलोमीटर से अधिक दूर कर दी जाती है, जिससे मानसिक और पारिवारिक तनाव बना रहता है। दारोगा संघ का कहना है कि वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी जायज मांगें सरकार के समक्ष रख रहे हैं।